हैडलाइन

कर्नाटक में पहली बार तीन डिप्टी सीएम, येदियुरप्पा ने नए मंत्रियों में बांटा प्रभार

बेंगलुरु। करीब एक सप्ताह इंतजार के बाद कर्नाटक के मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा ने सोमवार को राज्य मंत्रिमंडल में शामिल किए गए 17 नए मंत्रियों को उनकी जिम्मेदारियां सौंप दीं। राज्य में पहली बार तीन उप मुख्यमंत्री बनाए गए हैं। इनमें गोविंद कारजोल, अश्वथ नारायण व लक्ष्मण सावदी शामिल हैं। चर्चा है कि येदियुरप्पा राज्य में उप मुख्यमंत्री नहीं बनाना चाहते थे, लेकिन पार्टी नेतृत्व के निर्देश पर उन्हें ऐसा करना पड़ा।

कारजोल को लोकनिर्माण विभाग व सामाजिक न्याय, नारायण को उच्च शिक्षा, सूचना प्रौद्योगिकी, विज्ञान व तकनीक तथा सावदी को परिवहन विभाग सौंपा गया है। बसवराज बोम्मई गृह मंत्री बनाए गए हैं। पूर्व मुख्यमंत्री जगदीश शेट्टार को बड़े और मध्यम उद्योग, पूर्व उपमुख्यमंत्रियों केएस ईश्र्वरप्पा और आर. अशोक को क्रमश: ग्रामीण विकास व पंचायतीराज तथा राजस्व विभाग की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

कर्नाटक सरकार के नए मंत्री
वरिष्ठ आदिवासी नेता बी. श्रीरामुलु को स्वास्थ्य व परिवार कल्याण तथा ब्राह्मण नेता एस. सुरेश कुमार को प्राथमिक व माध्यमिक शिक्षा मंत्री बनाया गया है। सीसी पाटिल को खान और भूगर्भ, एच. नागेश को आबकारी, प्रभु चव्हाण को पशुपालन और शशिकला जोले को महिला एवं बाल विकास मंत्रालय का प्रभार सौंपा गया है। अन्य मंत्रियों में वी सोमन्ना (आवास), सीटी रवि (पर्यटन, कन्नड़ और संस्कृति), कोटा श्रीनिवास पुजारी (मत्स्य, बंदरगाह और इनलैंड ट्रांसपोर्ट), जेसी मधुस्वामी (कानून, संसदीय मामले और लघु सिंचाई) शामिल हैं।

मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेने के तीन सप्ताह बाद 20 अगस्त को येदियुरप्पा ने 17 मंत्रियों के साथ अपनी कैबिनेट का विस्तार किया था। पार्टी के विधायकों और नेताओं में असंतुष्टि को भांपते हुए येदियुरप्पा पिछले सप्ताह भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व से मिले थे और इस स्थिति से निपटने के उपायों पर चर्चा की थी।

किसी भी सदन के सदस्य नहीं हैं सावदी, वरिष्ठ विधायकों में असंतोष 
दिलचस्प बात यह है कि उप मुख्यमंत्री बनाए गए सावदी किसी भी सदन के सदस्य नहीं हैं। मंत्रिमंडल में उन्हें शामिल किए जाने से भाजपा के कई वरिष्ठ विधायकों में असंतोष पैदा हो गया है। इनमें हुक्केरी से आठ बार के विधायक उमेश कट्टी और होन्नली विधायक एमपी रेणुकाचार्य शामिल हैं। माना जा रहा है कि सावदी लिंगायत समुदाय से हैं और पार्टी में दूसरी लाइन तैयार करने के लिए उन्हें उप मुख्यमंत्री बनाया गया है।

सिद्दरमैया का दावा, एक साल भी नहीं चल पाएगी येदियुरप्पा सरकार
कांग्रेस विधायक दल के नेता सिद्दरमैया ने दावा किया कि राज्य की येदियुरप्पा सरकार एक साल भी नहीं चल पाएगी। पूर्व मुख्यमंत्री ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से कहा है कि वे मध्यावधि चुनाव की तैयारियां शुरू कर दें और पार्टी को मजबूत बनाएं। वह हुबली में संवाददताओं से बातचीत कर रहे थे।

Hind Brigade

Editor- MAjid Siddique


साप्ताहिक बातम्या

मासिक समाचार