हैडलाइन

कभी केजरीवाल के बेहद करीबी रहे पूर्व मंत्री कपिल मिश्रा आज होंगे भाजपा में शामिल

नई दिल्ली। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के कभी बेहद करीबी रहे पूर्व मंत्री कपिल मिश्रा शनिवार को भारतीय जनता पार्टी में शामिल होंगे। उन्होंने इसकी जानकारी खुद अपने आधिकारिक ट्विटर पर दी है। कपिल मिश्रा ने बताया कि वे शनिवार को दिन में 11 बजे भाजपा की सदस्यता ग्रहण करेंगे।

बता दें कि कपिल मिश्रा आमतौर पर अधिकांश भाजपा नेताओं के साथ दिखाई देते हैं। वे भाजपा के कार्यक्रमों में अक्सर देखे जाते हैं। लोकसभा चुनाव के दौरान उन्होंने भाजपा के पक्ष में खुलकर चुनाव प्रचार भी किया था। हालांकि उन्होंने अभी तक भाजपा की सदस्यता ग्रहण नहीं किया था।

 
केजरीवाल के खिलाफ चलाया था अभियान
बता दें कि आप से निकाले जाने के बाद कपिल मिश्रा ने केजरीवाल सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया था। साथ ही उन्होंने केजरीवाल सरकार पर भ्रष्टचार समेत कई गंभीर आरोप लगाए थे। केजरीवाल के खिलाफ गाने बनाए और सोशल मीडिया के जरिए तमाम चीजें ट्वीट भी कीं थी। इसके अलावा उन्होंने केजरीवाल के खिलाफ धरना भी दिया था।

विधानसभा से अयोग्य घोषित
2 अगस्त को दिल्ली के आम आदमी पार्टी के बागी विधायक कपिल मिश्रा को शुक्रवार को अयोग्य घोषित कर दिया गया था। दिल्ली विधानसभा के अध्यक्ष रामनिवास गोयल ने उन्हें विधानसभा की सदस्यता से अयोग्य घोषित किया था। कपिल मिश्रा पर आरोप है कि लोकसभा चुनाव 2019 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को दोबारा पीएम बनाने के लिए उन्होंने अभियान चलाया था।

गौरतलब है कि कपिल मिश्रा उत्तर-पूर्वी दिल्ली के करावल नगर से आम आदमी पार्टी के विधायक थे। कभी अरविंद केजरीवाल के करीबियों में शुमार कपिल मिश्रा आम आदमी पार्टी सरकार में मंत्री भी रहे, लेकिन मई 2017 में उनको मंत्री पद से हटा दिया गया था। अब अयोग्य घोषित होने के साथ उनकी विधानसभा सदस्यता समाप्त हो गई है।

हाई कोर्ट में दी है चुनौती
दिल्ली विधानसभा के अध्यक्ष रामनिवास गोयल द्वारा विधायक के पद से अयोग्य घोषित किए जाने के खिलाफ कपिल मिश्रा ने दिल्ली हाई कोर्ट (Delhi High Court) में याचिका दायर की है। अयोग्यता पर सवाल उठाते हुए कपिल मिश्रा ने याचिका दायर कर फैसले को रद करने की मांग की है। इस मामले में कपिल मिश्रा की तरफ से एडवोकेट अश्वनी दुबे ने याचिका दायर की हैं।

कपिल मिश्रा ने विधानसभा से अयोग्य ठहराए जाने के बाद दिल्ली मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के खिलाफ जमकर निशाना साधा था। कपिल मिश्रा ने ट्वीट कर कहा कि वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लिए एक बार क्या हजार बार विधायक की कुर्सी कर्बान कर देंगे। उन्होंने कहा था कि मुझे गर्व है कि मैंने पीएम मोदी के लिए लोकसभा चुनाव में अभियान चलाया। लोकसभा चुनाव में 'सातों सीटें मोदी को' अभियान चलाया था और अब विधानसभा चुनाव में 'साठ सीटें मोदी को' अभियान चलाऊंगा।

Hind Brigade

Editor- Majid Siddique


साप्ताहिक बातम्या

मासिक समाचार